April 25, 2026

हेमवती नंदन बहुगुणा के जन्मदिवस पर जिलाधिकारी समेत अन्य अधिकारियों व स्थानीय नागरिकों ने दी श्रद्धांजलि

स्मारक के सौंदर्यीकरण के लिए एक सप्ताह में आगणन तैयार करें ईओ: डीएम

हेमवती नंदन बहुगुणा जी के आदर्श सुशासन को सशक्त बनाने के लिए प्रेरणास्रोत

पौड़ी- हेमवती नंदन बहुगुणा के जन्मदिवस के अवसर पर जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया सहित अन्य अधिकारियों व स्थानीय नागरिकों ने जिला कार्यालय के निकट स्थित उनके स्मारक पर पहुंचकर प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस दौरान जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद पौड़ी को निर्देश दिये कि हेमवती नंदन बहुगुणा के स्मारक के सौंदर्यीकरण, लाइटिंग, वर्टिकल गार्डन एवं स्मारक पट्ट हेतु एक सप्ताह के भीतर आगणन तैयार कर प्रस्तुत करें। साथ ही उन्होंने स्मारक की नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

जिलाधिकारी ने कहा कि हेमवती नंदन बहुगुणा का प्रशासनिक जीवन सुशासन, जवाबदेही और प्रभावी नीति क्रियान्वयन का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि ऐसे अवसर हमें महान व्यक्तित्वों के आदर्शों को आत्मसात कर प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, संवेदनशीलता और गुणवत्ता को और सुदृढ़ करने की प्रेरणा देते हैं। जिन्हे अपनाकर सुशासन को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।

इस अवसर पर संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, ईओ नगर पालिका पौड़ी संजय कुमार, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी अजीत रावत, दीपक नेगी सहित अन्य अधिकारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

news