चालक फरार, आक्रोशित भीड़ ने किया जमकर हंगामा
देहरादून। राजधानी के कांवली रोड पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 50 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। तेज रफ्तार डंपर ने पैदल जा रहे व्यक्ति को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
जानकारी के मुताबिक कांवली रोड निवासी सकल देव साहनी सुबह दिहाड़ी मजदूरी के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान रेत से भरे तेज रफ्तार डंपर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया।
हादसे की खबर मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और आक्रोशित भीड़ ने जमकर हंगामा किया। लोगों ने पुलिस को शव उठाने से रोक दिया और सड़क पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। गुस्साए लोगों ने आसपास लगे पोस्टर और बैनर भी फाड़ दिए।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि कांवली रोड पर सुबह के समय तेज रफ्तार डंपरों का संचालन लगातार जारी रहता है, लेकिन प्रशासन इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं करता। उन्होंने मृतक के परिजनों को मुआवजा देने और आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। कोतवाली प्रभारी हरिओम चौहान ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और फरार चालक की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने जल्द आरोपी को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है।
More Stories
सैन्यधाम के लोकार्पण से पूर्व सभी शेष कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश, प्रस्तावित प्रदेश स्तरीय सैन्य धाम यात्रा की तैयारियां समय पर पूरी करें अधिकारी : गणेश जोशी
संवेदनशील क्षेत्रों में सोलर लाइट, कैमरे और अर्ली वार्निंग सिस्टम लगाने पर जोर, हेल्पलाइन नंबर 1926 का हो व्यापक प्रचार-प्रसार -डीएम
मतदाता सूची में एक भी त्रुटि न रहे, डीएम ने अधिकारियों को चेताया