September 14, 2026

समाधान दिवस में 102 शिकायतें दर्ज, अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

निवेश के नाम पर लाखों की ठगी और नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी के मामले भी पहुंचे

देहरादून। जनसमस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ऋषिपर्णा सभागार में ‘समाधान दिवस’ आयोजित किया गया। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित जनसुनवाई में कुल 102 शिकायतें दर्ज की गईं। अपर जिलाधिकारी ने शिकायतकर्ताओं की समस्याएं गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को मामलों की जांच कर समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

समाधान दिवस में ऋषिकेश निवासी रेखा चतरथ, नीलम नेगी और ऋतु गर्ग ने दून स्मृद्धि लिमिटेड एवं सर्व माइक्रोफाइनेंस इंडिया एसोसिएशन पर निवेश के नाम पर धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया। रेखा चतरथ ने बताया कि उनके साथ 18.95 लाख रुपये, नीलम नेगी के साथ 14.75 लाख रुपये तथा ऋतु गर्ग के साथ 4.25 लाख रुपये की निवेश के नाम पर धोखाधड़ी की गई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए अपर जिलाधिकारी प्रशासन को जांच के निर्देश दिए गए।

नथुवाला निवासी अखिलेश उनियाल ने बताया कि उन्हें इंडिया ग्लोबल सर्विसेज की ओर से नौकरी का ऑफर लेटर दिया गया तथा कंपनी के कहने पर 1.75 लाख रुपये जमा कराए गए, लेकिन इसके बाद उन्हें नौकरी नहीं दी गई। फर्जी कंपनी के विरुद्ध धोखाधड़ी की जांच एवं उचित कानूनी कार्रवाई की मांग पर अपर जिलाधिकारी ने क्षेत्राधिकारी पुलिस को जांच के निर्देश दिए। वहीं, इंद्रेश नगर निवासी खेम चंद ने सचिवालय में चतुर्थ श्रेणी की नौकरी दिलाने के नाम पर 50 हजार रुपये ठगे जाने की शिकायत की। मामले में सीओ पटेलनगर को जांच सौंपी गई।

नवादा मिनी मसूरी जन कल्याण समिति ने क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क की समस्या रखते हुए मोबाइल टावर स्थापित किए जाने की मांग की। इस पर ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं, चकराता विकासखंड के ग्राम पंचायत कावाखेड़ा अंतर्गत उरटेडा बस्ती में पेयजल लाइन जीर्ण-शीर्ण होने की शिकायत पर जल निगम को त्वरित कार्रवाई करते हुए पेयजल आपूर्ति सुचारू करने के निर्देश दिए गए।

नेहरू कॉलोनी निवासी 62 वर्षीय आशा कनौजिया ने बताया कि उन्होंने मातृ स्नेह के चलते अपनी संपत्ति पुत्र के नाम कर दी थी, लेकिन वृद्धावस्था में पुत्र एवं पुत्रवधू द्वारा उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है। इस पर अपर जिलाधिकारी ने भरण-पोषण एवं कल्याण अधिनियम के तहत वाद दायर कर बुजुर्ग महिला को शीघ्र न्याय दिलाने के निर्देश दिए।

एमडीडीए कॉलोनी निवासी बुजुर्ग महिला जैनव ने आंखों के उपचार के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। इस पर संबंधित एसडीएम को आर्थिक सहायता के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए।

सहारनपुर निवासी प्रवेश उप्रेती ने धोखाधड़ी कर उनकी भूमि किसी अन्य व्यक्ति को विक्रय किए जाने तथा भूमि खुर्द-बुर्द करने की शिकायत की। मामले में एसडीएम विकासनगर को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं, गीत बिष्ट ने पड़ोसी द्वारा उनके स्वामित्व एवं कब्जे वाली संपत्ति में अतिक्रमण करने, साझा सीढ़ी पर ताला लगाने, रास्ता बंद करने तथा धमकी देने की शिकायत की। इस पर एसडीएम को जांच कर प्रकरण का निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।

लच्छीवाला निवासी माधवी गुरंग ने शिकायत की कि उनके जेठ ने प्रॉपर्टी डीलर से मिलीभगत कर उनके घर का रास्ता बंद कर दिया है। मामले में एसडीएम को जांच कर आवश्यक कार्रवाई एवं प्रकरण का निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।

नवादा निवासी दिनेश्वरी देवी ने बताया कि विगत 3 सितंबर को हुई भारी बारिश के कारण उनकी गौशाला की सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त हो गई है। उन्होंने दीवार की मरम्मत के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। इस पर मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी (सीवीओ) को मौके की फोटो सहित रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। वहीं, चुक्खूवाला निवासी गुड्डी देवी एवं रायपुर निवासी कमलेश ने बारिश के कारण निजी मकान क्षतिग्रस्त होने की शिकायत की। इस पर संबंधित एसडीएम को मौके का निरीक्षण कर जांच आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों को केवल औपचारिकता न मानते हुए प्रत्येक प्रकरण का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायतकर्ता को कार्रवाई से अवगत कराया जाए।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) केके मिश्रा, जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल, जिला शिक्षा अधिकारी प्रेम लाल भारती, मुख्य कृषि अधिकारी देवेंद्र राणा, नगर कर अधिकारी विजय चौहान सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

news